नगर निगमरतलामलोकल न्यूज़शासन

अशोक नगर क्षेत्रवासियों ने सर्वसम्मति से चौराहे का नाम “महापौर पटेल साहब चौराहा” रखा।

रतलाम 2 अगस्त 2026

चौराहे का नामकरण: दशकों पुरानी मांग पूरी होने की खुशी में क्षेत्रवासियों ने सर्वसम्मति से मुख्य चौराहे का नाम “महापौर पटेल साहब चौराहा” रखा और वहां बोर्ड भी लगा कई दशकों के लंबे इंतजार के बाद अशोक नगर क्षेत्र के मुख्य मार्ग का लगभग 45 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने को है। निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे रतलाम महापौर श्री प्रह्लाद पटेल का क्षेत्रवासियों ने अभूतपूर्व उत्साह, हर्ष और उल्लास के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों ने मंचीय कार्यक्रम का आयोजन कर महापौर का पुष्पमालाओं से सम्मान किया। बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं युवाओं ने भी महापौर का आत्मीय अभिनंदन करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने वर्षों से चली आ रही अपनी मांग पूरी होने पर भावुक होकर मुख्य चौराहे का नाम “महापौर पटेल साहब चौराहा” रखने की घोषणा कर चोराहे पर लगाया बोर्ड । नागरिकों ने कहा कि यह सड़क कई दशकों से विकास की राह देख रही थी। अनेक जनप्रतिनिधियों के कार्यकाल में यह कार्य पूर्ण नहीं हो सका, लेकिन वर्तमान नगर निगम परिषद एवं महापौर श्री प्रह्लाद पटेल के नेतृत्व में यह बहुप्रतीक्षित कार्य साकार हुआ है। इसी कृतज्ञता एवं सम्मान के प्रतीक स्वरूप क्षेत्रवासियों ने सर्वसम्मति से चौराहे का नाम “महापौर पटेल साहब चौराहा” रखा।

अपने संबोधन में महापौर श्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि नगर निगम परिषद ने धर्म, जाति एवं वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर संपूर्ण रतलाम शहर के विकास को प्राथमिकता दी है। परिषद ने स्व-अर्जित आय से ऐसे क्षेत्रों एवं कॉलोनियों में भी विकास कार्य कराए हैं, जहां पिछले 40 से 50 वर्षों से मूलभूत सुविधाओं का अभाव था और कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि शहर का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।

क्षेत्रीय पार्षद सलीम बागवान ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम द्वारा अशोक नगर क्षेत्र में जितने विकास कार्य कराए गए हैं, वे पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग बनने से वर्षों से कीचड़, धूल एवं खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व महापौर एवं पूर्व विधायक श्री पारस सकलेचा ने निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य महापौर श्री प्रह्लाद पटेल के नेतृत्व एवं नगर निगम परिषद की विकासोन्मुख सोच का परिणाम है और इस वार्ड में कांग्रेस के पार्षद होने के बावजूद भी महापौर प्रहलाद पटेल ने यहां अपने निरीक्षण में विकास कार्य करवाए है एवं इस ऐतिहासिक विकास कार्य के लिए महापौर एवं नगर निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्य शहर के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

क्षेत्रवासी श्री इमरान खोखर ने कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए अपने उद्बोधन में महापौर श्री प्रह्लाद पटेल द्वारा अशोक नगर में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अशोक नगर की जनता वर्षों से इस मुख्य मार्ग के निर्माण की प्रतीक्षा कर रही थी, जो अब साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के लंबे संघर्ष और उम्मीदों की जीत है जिसके लिए क्षेत्र की जनता सदैव उन्हें याद रखेगी।

कार्यक्रम में महापौर श्री प्रह्लाद पटेल, क्षेत्रीय पार्षद सलीम बागवान, पूर्व महापौर एवं पूर्व विधायक श्री पारस सकलेचा, इमरान जी खोखर, एल्डरमैन नारायण जी सांखला , राकेश जी मिश्रा, इरशाद जी भंडारी, परवेश भाई, धर्मेन्द्र जी मांडवारिया, पीयूष जी बाफना, अल्पेश जी नागौरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button