चिकित्साप्रशासनमध्य प्रदेशरतलाम

रतलाम 20 जुलाई मेसर्स Agile संस्था को कारण बताओ सूचना पत्र जारी

बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन में सुधार के निर्देश मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी और शुरू की कार्रवाई

मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अधिष्ठाता डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शा.स्व.चि. महा. डॉ. अनिता मूथा ने बताया कि  चिकित्सालय में बायोमेडिकल वेस्ट एवं सामान्य वेस्ट के पृथक्करण, संग्रहण एवं निष्पादन का कार्य मेसर्स Agile संस्था के कर्मचारियों एवं उनके प्रबंधक के दायित्वाधीन है। समाचार में वर्णित स्थिति के संबंध में संबंधित कर्मचारियों एवं प्रबंधक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जा है तथा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

चिकित्सालय प्रशासन द्वारा ट्रेंचरी डम्पिंग क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर वहां की स्थिति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित एजेंसी को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करते हुए अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं नियमानुसार प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

चिकित्सालय के डम्पिंग यार्ड में बायोमेडिकल वेस्ट एवं सामान्य वेस्ट दोनों प्रकार के अपशिष्ट का पृथक-पृथक संग्रहण किया जाता है। बायोमेडिकल वेस्ट को निर्धारित बायोमेडिकल वेस्ट शेड के अंदर रखा जाता है, जबकि सामान्य अपशिष्ट को प्लास्टिक बैग में पैक कर पृथक स्थान पर रखा जाता है। बायोमेडिकल वेस्ट के उठाव हेतु अधिकृत एजेंसी का पृथक वाहन नियमित रूप से आता है, जबकि सामान्य अपशिष्ट के उठाव हेतु नगर निगम का पृथक डम्पर वाहन आता है। कुछ प्लास्टिक बैग फट जाने के कारण उनमें रखे मास्क एवं ग्लव्स बाहर दिखाई दिए, जिससे समाचार में वर्णित स्थिति परिलक्षित हुई।

सामान्य अपशिष्ट के उठाव हेतु नगर निगम का डम्पर वाहन अपेक्षाकृत अधिक अंतराल पर पहुंचने के कारण सामान्य कचरे का अस्थायी रूप से संग्रहण बढ़ गया था। इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों से चर्चा कर कचरा उठाव की आवृत्ति बढ़ाने एवं अंतराल कम करने का अनुरोध किया गया है, जिस पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

चिकित्सालय प्रशासन परिसर में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण एवं बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी पालन के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। भविष्य में इस प्रकार की स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संबंधित एजेंसी की नियमित निगरानी, उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही तथा अपशिष्ट के समयबद्ध निष्पादन हेतु सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button